NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का बड़ा हमला! शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्तीफा, NTA पर भी उठाए सवाल
चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली और शहर कांग्रेस मुगलसराय की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा, पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अरुण द्विवेदी ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से लेकर अन्य भर्ती परीक्षाओं तक बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियां शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि हालिया नीट परीक्षा में भी बड़े पैमाने पर प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायतें सामने आईं, जिसके बाद सरकार को परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों के कारण छात्रों और अभिभावकों में भारी निराशा है।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में छात्रों और उनके परिवारों को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है, ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके सपनों पर चोट करती हैं।
कांग्रेस ने राहुल गांधी के "छात्रों की गूंज" अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर के छात्रों की समस्याओं और सुझावों को सामने लाने के लिए यह पहल शुरू की गई है। पार्टी का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाना समय की मांग है।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
