कांग्रेस ने मनाई लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती, समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण को किया याद
चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली द्वारा शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की, जबकि संचालन सह-प्रवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासिका थीं, जिन्होंने देशभर में अनेक मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण कर सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर और सोमनाथ मंदिर सहित कई ऐतिहासिक धरोहरों के जीर्णोद्धार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही महिलाओं को संपत्ति में अधिकार दिलाने और जरूरतमंदों की सहायता करने जैसे कार्यों के कारण उन्हें आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर केवल एक कुशल प्रशासक ही नहीं बल्कि समाज सुधारक और महान शिवभक्त भी थीं। उनके शासनकाल में गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गईं। उन्होंने अपने राज्य की सीमाओं से बाहर निकलकर देशभर में धार्मिक और सामाजिक विकास के कार्य कराए, जो आज भी उनकी दूरदर्शिता और जनसेवा की भावना को दर्शाते हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का जीवन सामाजिक समरसता, समावेशी सोच और जनकल्याण का प्रतीक रहा है। उनके आदर्श आज भी समाज और राजनीति को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, गंगा प्रसाद, गुलाब राम, दीनदयाल विश्वकर्मा, रामऔतार यादव, अमरदेव राम, इंद्रजीत मिश्रा, राकेश सिंह, राकेश पाठक, मदन लाल, अनिल कुमार, पंकज तिवारी, ज्ञानप्रकाश तिवारी, शमशेर खान, संतोष चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
