चंदौली के राकेश शर्मा के नाम सीएम योगी का संदेश, जनसेवा के प्रयासों को सराहा
चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सैयदराजा के व्यापारी नेता एवं अखिल भारतीय व्यापार मंडल (बंसल गुट) के जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा को लिखा गया पत्र इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पत्र में मुख्यमंत्री ने उनके सामाजिक कार्यों, जनसेवा के प्रति समर्पण और समाज के जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को उठाने के प्रयासों की सराहना की है।
वार्ड नंबर-4, दीनदयाल नगर, सैदराजा निवासी राकेश शर्मा को संबोधित पत्र में मुख्यमंत्री ने उनके और उनके परिवार के उत्तम स्वास्थ्य, सुख एवं समृद्धि की कामना की है। उन्होंने लिखा है कि किसी भी लोकतांत्रिक समाज की वास्तविक शक्ति उन नागरिकों से बढ़ती है, जो निस्वार्थ भाव से समाज के हित में कार्य करते हैं। राकेश शर्मा जैसे सामाजिक कार्यकर्ता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा है कि समाज के बीच रहकर लोगों की समस्याओं को समझना और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है। ऐसे प्रयास जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ समाज को अधिक संवेदनशील और सशक्त बनाने में भी योगदान देते हैं। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं के परिश्रम, संवेदनशीलता और समर्पण को समाज की मजबूती का आधार बताया।
पत्र में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और उस समय की परिस्थितियों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के साथ ऐसा वातावरण तैयार किया गया है, जहां प्रत्येक नागरिक निर्भय होकर अपनी बात रख सके और अपनी आवाज उठा सके।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की ओर से गरीबों, वंचितों, वृद्धजनों, दिव्यांगों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया है। उन्होंने इन वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के प्रयासों को सरकार की प्राथमिकता बताया।
पत्र के अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि समाज के जागरूक नागरिकों और सरकार के सामूहिक प्रयासों से ऐसा उत्तर प्रदेश बनाया जा सकता है, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। मुख्यमंत्री का पत्र सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा हो रही है।
