×

समाजसेवा के कार्यों पर मुख्यमंत्री योगी ने अजीत प्रताप सिंह को भेजा प्रशंसा पत्र

समाजसेवा के कार्यों पर मुख्यमंत्री योगी ने अजीत प्रताप सिंह को भेजा प्रशंसा पत्र

चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक कार्यों में योगदान और जरूरतमंदों तक सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयासों के लिए आजाद अधिकार सेना पार्टी एवं ह्यूमन राइट सीडब्ल्यूए संगठन के पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह की सराहना की है। मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें लिखित पत्र भेजकर उनके सामाजिक प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया है। साथ ही भविष्य में भी समाजहित के कार्यों में सक्रिय रहने की अपेक्षा जताई गई है।

अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह होटल शिवम में सूचना विभाग के अधिकारी विष्णुदेव सिंह ने उन्हें मुख्यमंत्री की ओर से लिखा गया पत्र सौंपा। पत्र में मुख्यमंत्री ने उनके और उनके परिवार के सुख, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना करते हुए गरीब, वंचित, बुजुर्ग, दिव्यांग, महिलाओं, युवाओं और किसानों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उनके योगदान की सराहना की है।

मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से उनसे आगे भी प्रयास जारी रखने की अपील की है, ताकि किसी कारणवश सरकारी योजनाओं से वंचित रह गए पात्र लोगों को भी उनका लाभ मिल सके। इसके साथ ही विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया है। पत्र में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति का उल्लेख करते हुए वर्तमान सरकार के कार्यों और बदलावों का भी जिक्र किया है।

वहीं, अजीत प्रताप सिंह ने पत्र को लेकर एक अहम बात भी सामने रखी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से भेजा गया पत्र भारतीय करणी सेना के जिलाध्यक्ष के नाम संबोधित है, जबकि वह करीब सात वर्ष पहले ही इस संगठन से इस्तीफा दे चुके हैं। उनका कहना है कि इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से पुराने संगठनात्मक पद के आधार पर पत्र भेजा गया। उन्होंने इसे एलआईयू की लापरवाही बताया।

अजीत प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि भारतीय करणी सेना छोड़ने के बाद भी वह ह्यूमन राइट सीडब्ल्यूए सहित अन्य संगठनों के माध्यम से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और भविष्य में भी समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की मदद के लिए अपना प्रयास जारी रखेंगे।

Share this story