×

श्रद्धा और भक्ति के साथ मना छठ महापर्व, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने की पूजा-अर्चना

चंदौली में छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा की। मैढ़ी गांव के अमृत सरोवर की आकर्षक सजावट और लाइटिंग बनी आकर्षण का केंद्र।

चंदौली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ जिलेभर में श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। रविवार को व्रती महिलाओं ने विभिन्न नदियों, पोखरों, तालाबों और अमृत सरोवरों के किनारे पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

चंदौली में छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा की। मैढ़ी गांव के अमृत सरोवर की आकर्षक सजावट और लाइटिंग बनी आकर्षण का केंद्र।

महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा है। दिनभर व्रत और पूजा की तैयारियों के बाद शाम को व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा सामग्री और फल से भरे सूप लेकर घाटों पर पहुंचीं। अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही उन्होंने छठी मैया के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। घाटों पर परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और पूरे श्रद्धाभाव से इस पर्व में भागीदारी निभाई।

चंदौली के मैढ़ी गांव स्थित अमृत सरोवर पर छठ पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। सरोवर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी लाइटिंग और फव्वारों ने घाट की सुंदरता बढ़ा दी। शाम होते ही रोशनी से जगमगाते सरोवर का नजारा आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और सामूहिक रूप से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।

छठ पूजा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष ध्यान दिया गया। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पूरे अनुशासन के साथ पूजा संपन्न की। घाटों पर छठी मैया के गीत और लोकगीतों की गूंज से माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

अब सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती महिलाएं विधि-विधान से पूजा संपन्न कर व्रत का पारण करेंगी। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत और सूर्य उपासना के महापर्व का समापन हो जाएगा।

Share this story