×

चंदौली: भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास दर्दनाक हादसा, महिला की मौत

चंदौली: भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास दर्दनाक हादसा, महिला की मौत

चंदौली। जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया। जानकारी के अनुसार, घरचित गांव निवासी अंजू गोंड (40) अपने भाई आशुतोष गोंड के साथ मायके सैयदराजा से ससुराल लौट रही थीं। सुबह करीब 7 बजे जब वे भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, तब क्रॉसिंग बंद थी। कुछ देर बाद जैसे ही फाटक खुला और वाहन आगे बढ़ने लगे, उसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से अंजू बाइक से गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डीसीएम ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। अपर पुलिस अधीक्षक स्नेहा तिवारी ने बताया कि हादसा अचानक बाइक असंतुलित होने के कारण हुआ। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतका के पति राजकुमार गोंड गुजरात में नौकरी करते हैं। उनके परिवार में एक पुत्र विशाल (22) और दो पुत्रियां अंजलि (18) व तनु (16) हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में यातायात नियमों का पालन कराने के लिए कोई ठोस अभियान नहीं चलाया जा रहा है। हेलमेट, ओवरलोडिंग और अन्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी आम बात हो गई है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही खडेहरा गांव में एक अन्य सड़क हादसे में रामाश्रय राय की भी मौत हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि रेलवे क्रॉसिंग और प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Share this story