चंदौली: निमंत्रण में जा रहे दो दोस्त सड़क हादसे का शिकार, एक की मौत, दूसरा गंभीर
चंदौली। जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के कुचमन स्टेशन के समीप सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है। बाइक अनियंत्रित होकर रेलवे स्लीपर से टकराने के कारण यह हादसा हुआ।
मोड़ पर अनियंत्रित हुई बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सकलडीहा क्षेत्र के तेंदूईपुर गांव निवासी विशाल राजभर (18 वर्ष) अपने मित्र विष्णु सोनकर के साथ सोमवार रात करीब 9 बजे बाइक से मुगलसराय की ओर जा रहे थे। दोनों एक निमंत्रण समारोह में शामिल होने निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक कुचमन रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई और किनारे रखे रेल पटरी के स्लीपर से जा टकराई।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर घायलों को तुरंत सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। विशाल की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। घायल विष्णु सोनकर का इलाज फिलहाल जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस का बयान
सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
