चंदौली में मंदिर बना चोरों का निशाना, काली माता के दरबार से कीमती सामान गायब
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव स्थित काली माता मंदिर में मंगलवार रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से करीब 20 किलो वजन का घंटा और देवी प्रतिमा पर लगी सात चांदी की आंखें चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे ग्रामीणों को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार शाम पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में सब कुछ सामान्य था। बुधवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो वहां से घंटा और चांदी की आंखें गायब मिलीं। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरी की सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का भरोसा दिया है।
पहले भी हो चुकी है मंदिरों में चोरी
ग्रामीणों का कहना है कि नरौली गांव में मंदिरों को चोर पहले भी निशाना बना चुके हैं। कुछ महीने पहले गांव के तीन मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में अभी तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। लगातार मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस बोली- जल्द होगा खुलासा
धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि नरौली गांव स्थित काली माता मंदिर में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
