×

चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप की टक्कर से गिरे दो युवकों को स्कॉर्पियो ने कुचला, मौके पर मौत

 Chandauli News, Dhanapur News, Odra Village Clash, Chandauli Fight News, UP Crime News

चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर गांव के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। बाइक सवार दोनों युवक पिकअप की टक्कर लगने से सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो उन्हें कुचलते हुए निकल गई। हादसे में बाइक पर सवार डेढ़ साल की बच्ची बाल-बाल बच गई। दोनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे।

 

 Chandauli News, Dhanapur News, Odra Village Clash, Chandauli Fight News, UP Crime News

 

जानकारी के मुताबिक, खोर गांव निवासी अजित गुप्ता उर्फ गब्बर (34) अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी को इलाज के लिए ढोढिया गांव ले जा रहे थे। उनके साथ गांव के ही दीपक विश्वकर्मा (28) भी थे। बाइक दीपक चला रहे थे। तीनों गौसपुर गांव के पास पहुंचे थे, तभी सकलडीहा की ओर से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

 

इसी बीच पीछे से आ रही स्कॉर्पियो दोनों युवकों को कुचलते हुए आगे निकल गई। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्कॉर्पियो चालक ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के चलते हादसा टाला नहीं जा सका। बाइक पर मौजूद मासूम बच्ची सुरक्षित बच गई।

 

एक ही गांव के दो युवकों की मौत से पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अजित गुप्ता के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। वहीं, दीपक विश्वकर्मा अविवाहित थे। जिस बच्ची को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, वह हादसे में सुरक्षित बच गई, लेकिन इस दुर्घटना में उसने अपने पिता को खो दिया।

स्कॉर्पियो जब्त, चालक हिरासत में

सकलडीहा कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र निषाद के मुताबिक, दोनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं। पुलिस ने हादसे में शामिल स्कॉर्पियो को बरामद कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this story