×

चंदौली में दर्दनाक हादसा! खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, 55 वर्षीय नंदू राय की मौत

चंदौली में दर्दनाक हादसा! खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, 55 वर्षीय नंदू राय की मौत

 

चंदौली। जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। धराव गांव के पास धानापुर-चहनिया मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में अनियंत्रित होकर बाइक घुस गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान धानापुर थाना क्षेत्र के अमरा गांव निवासी 55 वर्षीय नंदू राय पुत्र शिवधारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि नंदू राय अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। परिवार में खुशी का माहौल था क्योंकि इसी महीने उनके एक बेटे की शादी हुई थी, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय नंदू राय ने हेलमेट नहीं पहना था। आशंका जताई जा रही है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई।

थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक के टकराने से हादसा हुआ है। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share this story