चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां स्थित सब्जी मंडी के पास सोमवार को कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भांजा घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार पपौरा निवासी रीना देवी अपने भांजे गोलू कुमार के साथ बैंक जा रही थीं। इसी दौरान चहनियां सब्जी मंडी के समीप एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान रीना देवी की मौत हो गई। वहीं घायल गोलू कुमार का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार चालक को हिरासत में ले लिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि रीना देवी के निधन से उनके मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
