चंदौली पुलिस ने पकड़ी 58 लाख की अवैध शराब की खेप, ट्रक के गुप्त केबिन से मिली 663 पेटी अंग्रेजी शराब
चंदौली। जनपद चंदौली में अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने करीब 58 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार वाराणसी-बिहार राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर बनाए गए गुप्त लोहे के केबिन और उसके ऊपर भरे लकड़ी के बुरादे के नीचे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी।
बरामद शराब की गिनती करने पर कुल 663 पेटी (5898.600 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब मिली। पूछताछ में सामने आया कि शराब को पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा था, जहां इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
गिरफ्तार दोनों आरोपी गुजरात के अहमदाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा शराब की आपूर्ति किन-किन राज्यों तक की जा रही थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए अंतर्राज्यीय शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
