चन्दौली पुलिस ने लौटाई 111 लोगों की मुस्कान, 33.30 लाख रुपये के मोबाइल बरामद
चन्दौली, 03 जून। जनपद चन्दौली पुलिस ने एक बार फिर जनसेवा और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 111 गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 33 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों तथा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर स्वाट एवं सर्विलांस टीम को गुम मोबाइलों की बरामदगी के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के माध्यम से विभिन्न स्थानों से कुल 111 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन ट्रेस कर सफलतापूर्वक बरामद किए। बुधवार को पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) की उपस्थिति में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए।
लंबे समय से अपने मोबाइल खोने के कारण परेशान लोगों के चेहरे मोबाइल वापस मिलने पर खिल उठे। उपस्थित लोगों ने चन्दौली पुलिस के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आधुनिक तकनीक और सीईआईआर पोर्टल के प्रभावी उपयोग से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके स्वामियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने अथवा सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
थानावार बरामदगी
अलीनगर-02, सैयदराजा-08, बबुरी-03, मुगलसराय-12, धीना-11, चन्दौली-25, चकिया-02, चकरघट्टा-05, नौगढ़-02, सकलडीहा-27, कंदवा-02, धानापुर-02, शहाबगंज-03 तथा सर्विलांस सेल-07 मोबाइल बरामद करने में सफल रही।
बरामदगी में शामिल टीम
स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव एवं सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार यादव, राणाप्रताप सिंह, रामानन्द यादव, आशुतोष सिंह, आनन्द सिंह, प्रेमप्रकाश यादव, आदित्य कुमार पांडेय, मन्टू सिंह तथा कांस्टेबल अजीत सिंह, मनीष कुमार, संदीप कुमार एवं गणेश तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
