चंदौली। थाना धीना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और लैंगिक अपराध के मामले में वर्ष 2018 से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और लैंगिक अपराध के संबंध में तहरीर के आधार पर थाना धीना में मु.अ.सं. 04/2018, धारा 363, 366, 376 भादवि तथा धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में वांछित अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था।
न्यायालय की ओर से जारी धारा 82 सीआरपीसी की कार्रवाई के बावजूद अभियुक्त के उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ धारा 174-A भादवि के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया। लंबे समय से फरार रहने के कारण उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
महुजी तिराहे के पास पुलिस ने दबोचा
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को थाना धीना पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर महुजी तिराहे के पास जमानिया बॉर्डर से करीब 300 मीटर पहले चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान अरबाज नट उर्फ खबरी पुत्र जलालुद्दीन नट निवासी ग्राम कुशहां, थाना धीना, जनपद चंदौली, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध असलहा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के संबंध में थाना धीना में मु.अ.सं. 73/2026, धारा 3/25 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में बताई फरार रहने की वजह
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वर्ष 2018 में उसके खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद से वह पुलिस से बचने के लिए छिपकर रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, अवैध असलहे के संबंध में उसने बताया कि इसे उसने अपनी सुरक्षा के लिए बिहार से खरीदा था।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
-
मु.अ.सं. 04/2018, धारा 363, 366, 376 भादवि एवं धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट, थाना धीना, चंदौली।
-
मु.अ.सं. 0079/2018, धारा 174-A भादवि, थाना धीना, चंदौली।
-
मु.अ.सं. 73/2026, धारा 3/25 बीएनएस, थाना धीना, चंदौली।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक पतई राम, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अमित मिश्रा और कांस्टेबल अमित दुबे शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
