×

चंदौली में पुलिस और भैंस चोरों के बीच मुठभेड़, पांच बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

चंदौली में पुलिस और भैंस चोरों के बीच मुठभेड़, पांच बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

चंदौली। जिले के चकिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और भैंस चोरों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके से मैजिक वाहन समेत अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

 

ग्रामीणों के जागने पर भागे आरोपी

पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि भभौरा नाका गांव में नीले रंग की मैजिक वाहन से कुछ भैंस चोर पहुंचे थे। ग्रामीणों के जाग जाने पर आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम दिए बिना वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस और एसओजी टीम सक्रिय हो गई।

 

गरला के पास पुलिस ने की घेराबंदी

थाना प्रभारी चकिया अपनी टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। सूचना के आधार पर गरला के आगे घेराबंदी की गई। पुलिस ने मैजिक वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया। वाहन रुकते ही उसमें सवार बदमाश भागने लगे।

फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

पुलिस ने चार आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकिया में भर्ती कराया गया।

आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त मैजिक वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

चकिया के क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Share this story