×

चन्दौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शातिर हेरोइन तस्कर गिरफ्तार

 चन्दौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शातिर हेरोइन तस्कर गिरफ्तार

चन्दौली। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बलुआ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) वाराणसी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 253 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 31.62 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष बलुआ अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना बलुआ पुलिस एवं ANTF वाराणसी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम टाण्डाकला स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से लगभग 50 मीटर आगे घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से शोर मचाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार (मजिस्ट्रेट) दिनेश कुमार शुक्ला की उपस्थिति में उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी की हाफ पैंट की कमर (इलास्टिक) में छिपाकर रखी गई काली पॉलीथीन से 253 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। साथ ही उसके कब्जे से 1,100 रुपये नकद भी मिले।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वाराणसी के कैथी क्षेत्र से हेरोइन लाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था तथा मांग के अनुसार तौलकर ग्राहकों को सप्लाई करता था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश सिंह (58) पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम सोनबरसा (टाण्डाकला), थाना बलुआ, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है।

इस संबंध में थाना बलुआ पर मु.अ.सं. 210/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। उसके विरुद्ध वर्ष 2025 एवं 2023 में भी मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।

यह कार्रवाई थाना बलुआ पुलिस एवं ANTF वाराणसी की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह सहित दोनों इकाइयों के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Share this story