चंदौली। थाना सैयदराजा एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में वर्ष 2024 के चर्चित कोयला लदे ट्रक लूटकांड में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शहजाद अली को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके साथी मसीद को भी एक अवैध तमंचा व दो जिंदा कारतूस के साथ दबोच लिया। दोनों आरोपियों को एनएच-19 स्थित काले शहीद बाबा मजार के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर 2024 को बिहार के डेहरी से लगभग 25 टन कोयला लादकर ट्रक संख्या BR01GF8742 सितापुर के लिए रवाना हुआ था। ट्रक चालक इम्तेयाज खान और खलासी राजू सिंह के साथ जा रहा था। 28 नवंबर 2024 की रात करीब 2:30 बजे थाना सैयदराजा क्षेत्र के बगही कुम्भापुर के पास ट्रक लूट लिए जाने की सूचना मिली थी। मामले में थाना सैयदराजा पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। इस प्रकरण में पूर्व में मसीद सहित तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि शहजाद अली फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र एवं प्रभारी सर्विलांस आशीष मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने 22 जुलाई 2026 को कार्रवाई करते हुए वांछित इनामी अभियुक्त शहजाद अली और उसके साथी मसीद को ट्रक संख्या DD01AL9764 के साथ गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त मसीद के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर उसके विरुद्ध थाना सैयदराजा में आर्म्स एक्ट के तहत एक अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शहजाद अली पुत्र आजाद अली निवासी भगवानपुर छितपालगढ़ थाना देल्हूपुर, जनपद प्रतापगढ़ तथा मसीद पुत्र जुमई निवासी कुल्हीपुर थाना देल्हूपुर, जनपद प्रतापगढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले की विवेचना एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है।
