चंदौली में 19 किलो से अधिक गांजा बरामद, गोरखपुर के युवक और युवती गिरफ्तार, ओडिशा से लाए थे खेप
चंदौली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंदौली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम को सफलता मिली है। पुलिस ने नरसिंहपुर रोड के पास से एक युवक और युवती को गिरफ्तार कर उनके पास से 19 किलो 260 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
दोनों आरोपी गोरखपुर के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, गांजे की खेप ओडिशा से लाई गई थी और इसे वाराणसी के रास्ते गोरखपुर ले जाने की तैयारी थी।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को ANTF गाजीपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख अपनी टीम के साथ चंदौली क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग ओडिशा से गांजा लेकर चंदौली होते हुए वाराणसी के रास्ते गोरखपुर जाने वाले हैं।
सूचना के आधार पर ANTF टीम ने मझवार रेलवे स्टेशन के आसपास संदिग्धों की तलाश शुरू की। मामला चंदौली कोतवाली क्षेत्र का होने के कारण स्थानीय पुलिस से अतिरिक्त बल मांगा गया। इसके बाद मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मारकंडेय सिंह और महिला कांस्टेबल शीतला राव पुलिस टीम के साथ अभियान में शामिल हुए।
नरसिंहपुर रोड पर बैग के साथ मिले दोनों आरोपी
संयुक्त टीम नरसिंहपुर रोड के पास पहुंची तो मुखबिर ने एक महिला और पुरुष की ओर इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों अपने-अपने बैग में गांजा लेकर जाने की तैयारी में थे।
टीम को देखकर दोनों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपने पास गांजा होने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे वाराणसी जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज साहनी (करीब 19 वर्ष) और प्रीति कुमारी (करीब 21 वर्ष), निवासी अमरुद मंडी, थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 19 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दोनों के खिलाफ चंदौली कोतवाली में मुकदमा संख्या 541/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 में मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में ANTF ऑपरेशनल यूनिट वाराणसी के पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख, कांस्टेबल अमित कुमार चौरसिया और चंदौली पुलिस के उपनिरीक्षक मारकंडेय सिंह, महिला कांस्टेबल शीतला राव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
