Chandauli News: रैथा ग्राम सभा में विकास कार्यों की ग्रामीणों ने की सराहना, प्रधान प्रतिनिधि ने गिनाईं पांच वर्षों की उपलब्धियां
चंदौली (धानापुर)। जनपद चंदौली के धानापुर विकास खंड अंतर्गत रैथा ग्राम सभा में शनिवार को विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान लाइव भारत न्यूज़ की टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर पंचायत स्तर पर हुए कार्यों का फीडबैक लिया।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गांव में बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। किसी प्रकार की गंभीर शिकायत या असंतोष की स्थिति सामने नहीं आई।
ग्राम सभा की कुल आबादी लगभग 5 हजार है, जबकि मतदाताओं की संख्या करीब 3 हजार बताई गई। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में कुल लगभग 1600 वोट पड़े थे, जिसमें मुहम्मद इजहार ने 407 मत प्राप्त कर 205 वोटों के अंतर से विजय हासिल की थी।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
प्रधान प्रतिनिधि मुहम्मद दिलशेद के अनुसार ग्राम पंचायत में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत लगभग 400 लाभार्थियों के कार्ड बनाए गए हैं। वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु के 18 वरिष्ठ नागरिकों को विशेष योजना का लाभ मिल रहा है।
प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 58 लाभार्थियों तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 8 लोगों को आवास उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा 9 दिव्यांगजनों को भी आवासीय सुविधा का लाभ मिला है।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 32 विधवा पेंशन, 45 वृद्धावस्था पेंशन तथा लगभग 30 दिव्यांग पेंशनधारकों को नियमित रूप से लाभ मिल रहा है।
विकास कार्यों पर खर्च और ढांचा विकास
मनरेगा योजना के अंतर्गत गांव में कच्चे एवं पक्के विकास कार्यों पर लगभग 20 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। ग्राम पंचायत में करीब 500 जॉब कार्डधारक हैं। पंचायत का वार्षिक बजट केंद्रीय एवं राज्य वित्त आयोग की मदों को मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये बताया गया है। पिछले पांच वर्षों में कुल लगभग 50 लाख रुपये की धनराशि विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च की गई है।
गांव में वर्षों से विवादित भूमि को प्रशासनिक सहयोग से सार्वजनिक उपयोग में लाया गया है, जिसमें अंबेडकर पार्क, जल निगम की टंकी और लगभग चार बीघा भूमि पर तालाब निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त यादव बस्ती में भी विवादित भूमि पर तालाब विकसित किया गया है, जिससे आसपास के चार गांवों को लाभ मिल रहा है।
सामाजिक और शैक्षणिक स्थिति
ग्राम सभा में पिछड़ा वर्ग की आबादी अधिक है, इसके बाद अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग के परिवार निवास करते हैं। शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी गांव ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
यहां के कई निवासी विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं, जिनमें कोलफील्ड में डायरेक्टर, उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक, चिकित्सक, प्रधानाध्यापक तथा अन्य पेशेवर शामिल हैं।
बुनियादी सुविधाओं में सुधार
गांव में लगभग 50 प्रतिशत आरसीसी सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एएनएम सेंटर और सीएचओ सेंटर संचालित हैं। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है।
विद्यालयों में कायाकल्प योजना के तहत टाइल्स, डेस्क-बेंच, दिव्यांग शौचालय और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया है। साथ ही बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन भी नियमित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार विकास कार्यों के चलते गांव में जीवन स्तर में सुधार हुआ है और बुनियादी सुविधाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
