×

Chandauli News: वेतन रुकने से परेशान परिचारक ने स्कूल में पेट्रोल डालकर आत्मदाह का किया प्रयास, शिक्षकों ने बचाई जान

Chandauli News: वेतन रुकने से परेशान परिचारक ने स्कूल में पेट्रोल डालकर आत्मदाह का किया प्रयास, शिक्षकों ने बचाई जान

चंदौली। जनपद के सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय के परिचारक संतोष मिश्रा ने कथित तौर पर अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया।

घटना प्रार्थना सभा के दौरान हुई, जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि शिक्षकों और कर्मचारियों की सूझबूझ से समय रहते उन्हें रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

 

दो महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप

जानकारी के अनुसार संतोष मिश्रा का आरोप है कि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय द्वारा पिछले दो माह से उनका वेतन बिना किसी स्पष्ट कारण के रोक दिया गया है। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाने का प्रयास किया।

परिचारक का यह भी आरोप है कि चेकिंग के दौरान कर्मचारियों के थोड़ी देर से आने पर कार्रवाई की धमकी दी जाती है और कथित रूप से पैसे की मांग की जाती है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

 

अन्य कर्मचारियों का भी वेतन रुका होने का दावा

संतोष मिश्रा का कहना है कि केवल उनका ही नहीं, बल्कि विद्यालय के दो बाबुओं और दो परिचारकों का भी पिछले दो माह से वेतन रोका गया है। उनका कहना है कि वेतन न मिलने के कारण संबंधित कर्मचारी गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

मौके पर पहुंचे DIOS, शुरू हुई जांच

घटना की जानकारी मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। विद्यालय प्रशासन ने भी स्थिति को संभालते हुए परिचारक को शांत कराया। घटना के बाद विद्यालय में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

इस घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि वेतन रोके जाने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यदि किसी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

फिलहाल परिचारक सुरक्षित हैं और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

Share this story