Chandauli News: मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण पर बवाल, व्यापारियों के समर्थन में सपा का पैदल मार्च
चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के मुगलसराय बाजार में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मी तेज हो गई है। जीटी रोड के विस्तार के तहत प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने और दुकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई जारी है, जिससे बड़ी संख्या में व्यापारी प्रभावित हुए हैं।
इसी मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष सत्यनारायण राजभर के नेतृत्व में सड़क पर उतर आया। सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रभावित व्यापारियों के समर्थन में पैदल मार्च निकालकर प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
मुगलसराय बाजार में इस कार्रवाई के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। कई व्यापारियों की दुकानें पूरी तरह ध्वस्त हो गई हैं, जबकि कुछ आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं। इससे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पैदल मार्च के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें व्यापारियों की समस्याओं को विस्तार से रखा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि जिन व्यापारियों की दुकानें टूट गई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में दुकान आवंटित की जाए। साथ ही सभी प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई।

सपा नेताओं ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इसके साथ स्थानीय व्यापारियों और उनके परिवारों की आजीविका की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। बिना उचित पुनर्वास और मुआवजे के की जा रही कार्रवाई से व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
गौरतलब है कि इस मुद्दे को लेकर प्रशासन और व्यापारियों के बीच पहले भी कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। व्यापारी लगातार पारदर्शिता और न्यायसंगत मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रभु नारायण यादव, सत्यनारायण राजभर, जितेंद्र प्रसाद, नफीस अहमद, चंद्रशेखर यादव, दिलीप पासवान, मुसाफिर चाहन, मोनू जायसवाल, सिद्धार्थ जायसवाल, अजय मौर्य, चंद्रभानु यादव, संजय सोनकर और अन्य कई कार्यकर्ता व व्यापारी मौजूद रहे।
