Chandauli news: बरंगा गांव में घायल बछड़े का उपचार, गौ सेवकों और पशु चिकित्सक की टीम ने बचाई जान
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के बरंगा गांव में घायल अवस्था में मिले एक बछड़े का गौ सेवकों एवं पशु चिकित्सकों की टीम ने समय रहते उपचार कर उसकी जान बचाई। प्राथमिक उपचार के बाद बछड़े को बेहतर देखभाल के लिए गौशाला भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बरंगा गांव में चंद्रभूषण पांडे के घर के सामने एक बछड़ा घायल अवस्था में पड़ा मिला। वह चलने-फिरने में असमर्थ था और दर्द से तड़प रहा था। इसकी सूचना ग्रामीणों ने गौ सेवा से जुड़े जिला अध्यक्ष परमानंद तिवारी को दी।
सूचना मिलते ही परमानंद तिवारी गौ सेवकों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पशु चिकित्सक डॉ. दीपक मिश्रा को सूचना दी। कुछ ही देर में डॉ. मिश्रा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल बछड़े का उपचार शुरू किया।
पशु चिकित्सकों ने बछड़े के घावों की साफ-सफाई कर आवश्यक दवाएं एवं एंटीसेप्टिक स्प्रे लगाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुरक्षित रूप से गौशाला भेज दिया गया, जहां उसकी नियमित देखभाल की जाएगी।
इस अवसर पर परमानंद तिवारी ने कहा कि बरसात के मौसम में घायल पशुओं में संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में समय पर उपचार उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं कोई घायल या असहाय पशु दिखाई दे तो इसकी तत्काल सूचना संबंधित लोगों या पशु चिकित्सकों को दें, ताकि समय रहते उसका उपचार कराया जा सके।
इस दौरान ग्राम प्रधान कन्हैया राम, साजन पांडे, सलाउद्दीन, सुनील मौर्य, पंकज यादव, अखिलेश यादव, चंद्रभूषण पांडे सहित कई ग्रामीण एवं गौ सेवक उपस्थित रहे।
