Chandauli News: ईवीएम वेयरहाउस का जिलाधिकारी ने किया मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
चंदौली। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत प्रत्येक माह ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाती है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) की सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा वहां लागू सभी सुरक्षा मानकों की जांच की। उन्होंने वीवीपैट गोदाम का भी निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी, विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

