Chandauli News: रील बनाने से रोका तो नहर में मिली 15 वर्षीय किशोरी की लाश, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के आलूमिल नई बस्ती, वार्ड नंबर-3 स्थित नहर में बुधवार को लगभग 15 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर अलीनगर थाना पुलिस तथा क्षेत्राधिकारी (सीओ) पीडीडीयू नगर तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी के शव को नहर से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। कुछ ही देर बाद मृतका की शिनाख्त खुशबू (15 वर्ष) के रूप में हुई।
सीओ पीडीडीयू नगर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि किशोरी को रील बनाने से परिजनों ने मना किया था। इसी बात को लेकर डांट पड़ने से वह आहत हो गई और संभवतः गंगा नहर में छलांग लगा दी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। परिजनों के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
