×

Chandauli News: जागेश्वर धाम में मनाया गया सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, विधायक कैलास खरवार ने किया जलाभिषेक

Chandauli News: जागेश्वर धाम में मनाया गया सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, विधायक कैलास खरवार ने किया जलाभिषेक

चंदौली। जिले के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम मंदिर परिसर में रविवार को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक गौरव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर देश की सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को नमन किया।

मुख्य कार्यक्रम पवित्र जागेश्वर धाम मंदिर में आयोजित किया गया, जहां चकिया विधायक कैलास खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, परियोजना अधिकारी, खंड विकास अधिकारी विकास सिंह और पर्यटन अधिकारी नितिन द्विवेदी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

भारतीय संस्कृति और आत्मगौरव का प्रतीक है सोमनाथ

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कैलास खरवार ने कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ भारत की आस्था, संघर्ष और पुनर्जागरण की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता की अटूट श्रद्धा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि गुजरात के प्रभास पाटन स्थित विश्वविख्यात सोमनाथ मंदिर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है और यह मंदिर सदियों से भारतीय संस्कृति को एकता और शक्ति का संदेश देता आया है।

v

नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का प्रयास

भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की गौरवशाली संस्कृति और इतिहास से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा और राष्ट्र गौरव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं।

कार्यक्रम के दौरान गुजरात के सोमनाथ से प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।

f

तीर्थयात्रियों ने साझा किए अनुभव

इस अवसर पर जनपद से सोमनाथ यात्रा पर गए तीर्थयात्रियों और नोडल अधिकारी के दल ने वहां के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव साझा किए। उन्होंने सोमनाथ मंदिर की भव्य आरती, प्रकाश एवं ध्वनि शो और समुद्र तट के मनमोहक दृश्यों का वर्णन करते हुए इसे अविस्मरणीय अनुभव बताया।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय सोमनाथ’ के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

 

Share this story