Chandauli News: धानापुर में कोचिंग संचालक पर गंभीर आरोप, डरा सहमा छात्र रात में भागा
चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में एक आवासीय कोचिंग सेंटर के संचालक पर 13 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई का गंभीर आरोप लगा है। पिटाई से भयभीत छात्र गुरुवार देर रात करीब 1 बजे कोचिंग सेंटर से भाग निकला। छात्र की पहचान कृष्ण कमल के रूप में हुई है, जो गाजीपुर जिले के अंधऊ गांव का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रात के समय नरौली गांव के पास कुछ राहगीरों ने बच्चे को रोते हुए देखा। पूछताछ करने पर उसने आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि बच्चा इतना डरा हुआ था कि वह अपने परिवार से संपर्क करने और वापस कोचिंग जाने से भी घबरा रहा था।
छात्र की मां अभिलाषा ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने बेटे का दाखिला “सोफियान इंस्टीट्यूट” नामक आवासीय कोचिंग सेंटर में कराया था। उनका कहना है कि जब बच्चे ने अपने माता-पिता से बात करने की इच्छा जताई, तो संचालक नाराज हो गया और लगातार तीन दिनों तक उसकी पिटाई की।
परिजनों के मुताबिक, छात्र के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। उसकी पीठ और जांघों पर चोट के गहरे निशान दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में भी बच्चे के शरीर पर चोट के निशान देखे जा सकते हैं। परिवार का कहना है कि बच्चा ठीक से बैठ नहीं पा रहा है और चलने में भी परेशानी हो रही है।
परिजनों ने सवाल उठाया कि यदि बच्चे से कोई गलती हुई थी, तो इसकी सूचना माता-पिता को दी जानी चाहिए थी, न कि उसे बुरी तरह पीटकर घायल किया जाना चाहिए था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जांच और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से ऐसे कोचिंग संचालकों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की है।
