Chandauli News: काली माता मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान गुंबद गिरने से पीडब्ल्यूडी संविदाकर्मी की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
चन्दौली। मुगलसराय में जीटी रोड चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्राचीन काली माता मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान हुए हादसे में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक संविदाकर्मी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान बरती गई सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात जेसीबी मशीन की सहायता से मंदिर को ध्वस्त करने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मंदिर का गुंबद अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर डांडी निवासी 58 वर्षीय बलदेव यादव और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बलदेव यादव लोक निर्माण विभाग में संविदा पर कार्यरत थे और सड़क चौड़ीकरण परियोजना में ड्यूटी पर तैनात थे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और तत्काल राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बलदेव यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च केंद्र रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ध्वस्तीकरण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और एहतियाती उपाय किए गए होते तो इस हादसे से बचा जा सकता था। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
