Chandauli News: सकलडीहा में स्मार्ट मीटर के खिलाफ फूटा जनाक्रोश, जनसुनवाई में नहीं पहुंचे अधिकारी
दरियापुर गांव के प्रधान संजय यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण और उपभोक्ता अपनी समस्याओं को लेकर विद्युत वितरण खंड तृतीय कार्यालय पहुंचे थे। लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद न तो एक्सईएन नरेश कुमार मौजूद मिले और न ही कोई कर्मचारी ज्ञापन लेने के लिए आगे आया। इससे आक्रोशित लोगों ने विभागीय लापरवाही पर जमकर नाराजगी जताई और बिना ज्ञापन दिए ही वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हो गई है। उनका कहना है कि खपत पहले जैसी ही है, लेकिन बिल दोगुने-तिगुने आ रहे हैं। इसके अलावा मीटर में तकनीकी खामियां और शिकायतों की अनदेखी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
जनसुनवाई के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन शिकायत सुनने वाला कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया कि जब समस्याएं सुननी ही नहीं हैं, तो जनसुनवाई आयोजित करने का क्या औचित्य है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना उचित जानकारी के पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए गए, जिसके बाद से बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने मीटर लगाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी का मुद्दा भी उठाया।
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उनका कहना है कि "मीटर हटाओ, बिल सुधारो" उनकी प्रमुख मांग है।
इस संबंध में एक्सईएन नरेश कुमार का कहना है कि वह उस समय न्यायालय में थे।
प्रदर्शन में गंगोत्री, अशोक, अजय, दयाराम, राजमणि, मीना, देवंती, चंदा, रीता, शंभू, शिवलोचन सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
