×

Chandauli news: फ्लाई ऐश से बढ़ा प्रदूषण, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा!

Chandauli news: फ्लाई ऐश से बढ़ा प्रदूषण, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा!

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में एक बार फिर निर्माण कार्य के चलते पर्यावरण और स्वास्थ्य पर खतरा मंडराने लगा है। बरहनी ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम बरठी कमरौर (पोस्ट नौबतपुर) में बन रहे ROB नंबर 71 ओवरब्रिज के निर्माण के दौरान फ्लाई ऐश के उपयोग से इलाके में गंभीर प्रदूषण फैलने की शिकायत सामने आई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी बिना किसी सुरक्षा उपाय के सड़क पर फ्लाई ऐश डाल रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार छाया हुआ है। स्थिति यह है कि लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और लगातार खांसी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर हो रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही धूल नियंत्रण के कोई अन्य उपाय किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य के दौरान पर्यावरण मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जो आने वाले समय में गंभीर स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकती है।

गांव के लोगों ने जिला प्रदूषण विभाग से मांग की है कि इस मामले की तत्काल जांच कर संबंधित ठेकेदार या एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही नियमित रूप से पानी का छिड़काव और अन्य आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि उड़ती धूल पर नियंत्रण पाया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।

यह मामला न केवल स्थानीय प्रशासन बल्कि पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े नियमों के पालन पर भी सवाल खड़े करता है।

Share this story