×

Chandauli News: नगवा-चौचकपुर पीपा पुल फिर से शुरू, मरम्मत के बाद बहाल हुआ आवागमन

 Chandauli News: नगवा-चौचकपुर पीपा पुल फिर से शुरू, मरम्मत के बाद बहाल हुआ आवागमन

चंदौली और गाजीपुर जनपदों को जोड़ने वाला नगवा-चौचकपुर स्थित पीपा पुल रविवार शाम से एक बार फिर आवागमन के लिए खोल दिया गया। शुक्रवार रात एक पीपा में पानी भर जाने के कारण पुल डूब गया था, जिसके चलते यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया था।

 

लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता आरके चौहान ने बताया कि पुल के एक पीपा में पानी का रिसाव होने से सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल आवागमन रोक दिया गया था। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रविवार शाम से पुल पर यातायात बहाल कर दिया गया।

 

पीपा पुल बंद होने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर चार पहिया वाहनों को करीब 50 से 60 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी।

यह पुल चंदौली जनपद के धानापुर विकासखंड क्षेत्र के नगवा गांव के पास स्थित है और गाजीपुर से संपर्क का महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है। अवर अभियंता रामकुमार चौहान ने बताया कि जिस समय पीपा में रिसाव हुआ, उस वक्त पुल पर कोई वाहन मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुल कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत यातायात रोक दिया था।

Share this story