Chandauli News: नाला सफाई को लेकर घंटों चला हाई प्रोफाइल ड्रामा, सपा नेता ने किया 'नाली सत्याग्रह'
चंदौली। नियामताबाद विकास खंड के मढ़िया गांव में नाला सफाई को लेकर सोमवार को घंटों तक हाई प्रोफाइल ड्रामा देखने को मिला। गांव में नाले की सफाई नहीं होने से नाराज एक सपा नेता ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए 'नाली सत्याग्रह' शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान एक युवक अचानक नाले में कूद गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को नाले से बाहर निकाला।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नाले की सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को शांत कराते हुए लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
