Chandauli News: बरहनी गांव में गंदा पानी उगल रहा सरकारी हैंडपम्प, ग्रामीणों में बीमारी का डर
चंदौली। जनपद के विकास खंड बरहनी अंतर्गत बरहनी गांव में मुख्य मार्ग पर लाडो पान दुकान के बगल में लगा सरकारी हैंडपम्प इन दिनों दूषित पानी उगल रहा है। हालत यह है कि ग्रामीणों के साथ-साथ राहगीरों को भी मजबूरी में उसी पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच लोग प्यास बुझाने के लिए इसी हैंडपम्प पर निर्भर हैं, जिससे बीमारी फैलने की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार हैंडपम्प से निकलने वाले पानी में बदबू आती है और उसमें गंदगी भी साफ दिखाई देती है। इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। वहीं, माँ मंशा देवी महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी तेज धूप में इसी हैंडपम्प का पानी पीने को मजबूर हैं।
लाडो पान दुकान के संचालक हरिशंकर वर्मा ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि दूषित पानी के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

हैरानी की बात यह है कि खराब हैंडपम्प से कुछ ही दूरी पर ब्लॉक कार्यालय संचालित होता है, जहां खंड विकास अधिकारी और ब्लॉक प्रमुख भी बैठते हैं। इसके बावजूद समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मुख्य मार्ग से करीब पांच से छह गांवों के लोग रोजाना गुजरते हैं, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर नहीं जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हैंडपम्प के पानी की तत्काल जांच कराई जाए और साफ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर न होना पड़े।
