×

Chandauli News: खरीफ सीजन के लिए मुफ्त मिनीकिट और बीज बुकिंग जारी, किसान 10 मई तक उठाएं लाभ

Chandauli News: चंदौली में खरीफ सीजन के लिए मुफ्त मिनीकिट और बीज की ऑनलाइन बुकिंग जारी है। किसान 10 मई तक आवेदन कर सरकारी योजना का लाभ उठा सकते हैं। जानें पूरी जानकारी।
चंदौली। चंदौली जनपद में खरीफ सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला कृषि विभाग ने किसानों के लिए मुफ्त मिनीकिट और सामान्य बीज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 10 मई 2026 तक बुकिंग कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि दैचा, धान, अरहर, मूंग, उर्द, सावां, कोदो, रागी, बाजरा और मक्का जैसी खरीफ फसलों के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष किसानों द्वारा 22 अप्रैल से लगातार ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है।

अब तक जिले में विभिन्न फसलों की बुकिंग का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। अरहर, उर्द और ढैंचा के साथ-साथ धान के बीजों की भी अच्छी मांग देखने को मिल रही है। मिनीकिट योजना के तहत अरहर, मूंग, उर्द, कोदो, रागी और बाजरा के लिए भी किसानों ने उत्साह दिखाया है।

कृषि विभाग के अनुसार, जिले में अब तक 438.80 कुंतल ढैंचा बीज प्राप्त हो चुका है, जिसे सभी राजकीय बीज गोदामों में भेज दिया गया है। वहीं धान का बीज भी 8 मई तक सभी सरकारी बीज केंद्रों पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे उत्तर प्रदेश कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय रहते बुकिंग कर लें, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

इस योजना के जरिए किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराकर उनकी फसल उत्पादन क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही इससे किसानों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

कृषि विभाग का कहना है कि जो किसान अभी तक बुकिंग नहीं कर पाए हैं, वे जल्द से जल्द आवेदन कर लें, क्योंकि निर्धारित समय के बाद बुकिंग बंद कर दी जाएगी।

Share this story