Chandauli News: निर्माणाधीन पुलिस लाइन का काम किसानों ने रुकवाया, जमीन कब्जाने का लगाया आरोप
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर गांव के पास निर्माणाधीन पुलिस लाइन का कार्य गुरुवार को किसानों के विरोध के चलते रोक दिया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस लाइन की चाहरदीवारी उनकी जमीन पर बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारी पहुंच गए। अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी जमीन वापस करने की मांग पर अड़े रहे।
जानकारी के अनुसार भोजापुर गांव की मौजा भूमि में बड़े पैमाने पर पुलिस लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी प्रगति करीब 50 प्रतिशत से अधिक बताई जा रही है। गुरुवार को पुलिस लाइन के पश्चिमी छोर पर चाहरदीवारी निर्माण के लिए पाइलिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान बर्थरा गांव के दर्जनों किसान मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य में लगी मशीनों को बंद करा दिया।
किसानों प्रद्युम्न, चंदन, श्यामबरन, मुनीब, राजपति, विजय बहादुर और कमलेश ने आरोप लगाया कि बिना पैमाइश कराए उनकी जमीन में खुदाई कर चारदीवारी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों का कहना था कि मौके पर उनकी जमीन पहले से ही कम दिखाई जा रही है। इसके संबंध में कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देकर जमीन की नापी कराने की मांग की गई, लेकिन राजस्व विभाग की ओर से अब तक पैमाइश नहीं कराई गई।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद एवं पुलिस अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि यदि किसी की जमीन पुलिस लाइन में चली गई होगी तो नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसके बावजूद किसान अपनी पूरी जमीन वापस करने की मांग पर डटे रहे।
अधिकारियों के मौके से लौटने के बाद किसानों में नाराजगी देखी गई। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।
