×

Chandauli News: चकबंदी के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, 25 मई को डीएम घेराव की चेतावनी

Chandauli News, Dhanapur News, Kisan Protest, Chakbandi News, Ganga Katan, UP News, Hindi News, Live Bharat News
चंदौली। जिले के धानापुर कस्बे में शुक्रवार शाम अखिल भारतीय किसान महासभा और कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के बैनर तले चकबंदी प्रक्रिया के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकालकर प्रशासन और चकबंदी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की तथा जमीनों की बंदरबांट का आरोप लगाया।

यह विरोध मार्च नरौली मोड़ से शुरू होकर थाना चौराहा, बौरहवा बाबा, बस स्टैंड और हीरो मार्केट होते हुए पूरे धानापुर कस्बे में निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान ‘भू-माफिया चकबंदी गठजोड़ मुर्दाबाद’, ‘चकबंदी अधिकारी मुर्दाबाद’ और ‘खेत किसान जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए गए।

गंगा कटान को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी

प्रदर्शनकारियों ने गंगा के तटवर्ती इलाकों में नाव से दौरा कर कटान प्रभावित गांवों की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि धानापुर विकासखंड क्षेत्र के नौघरा, बूढ़पुर, प्रसहता, दियाँ, सहेपुर, गुरैनी, कवलपुरा, सोनहुली, महुजी और जिगना समेत कई गांव गंगा कटान की चपेट में हैं, जिससे हजारों बीघा कृषि भूमि गंगा में समाहित हो चुकी है।

गरीब किसानों की जमीनों में फेरबदल का आरोप

कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के जिला सचिव अनिल पासवान ने आरोप लगाया कि धानापुर और गुरैनी ग्राम सभाओं में चकबंदी विभाग द्वारा गरीब किसानों की जमीनों के कागजात में बड़े स्तर पर फेरबदल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीनों की बंदरबांट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

25 मई को जिला मुख्यालय पर आंदोलन की चेतावनी

अनिल पासवान ने कहा कि यदि समय रहते मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने 25 मई को जिला मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन और जिलाधिकारी के घेराव की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि आंदोलन को ग्रामीणों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

इस दौरान रामप्यारे सैनी, रमेश राय, श्याम देई, रेखा, अंजना, रुदल राम समेत कई किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story