Chandauli News: अज्ञात वाहन की टक्कर से पूर्व सैनिक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के जनौली मोड़ के समीप रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पूर्व सैनिक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविनंदन यादव (61 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामजतन यादव निवासी ग्राम चकिया लोढ़वा प्रकाशपुर रविवार की देर शाम कमालपुर बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जनौली मोड़ के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल चंदौली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। रविनंदन भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में गांव में रहकर खेती-बाड़ी का कार्य कर रहे थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस संबंध में धीना थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूर्व सैनिक की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
