×

Chandauli News: मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न

Chandauli News: मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न
 

चंदौली। मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं की अध्यक्षता में बुधवार को जूम मीटिंग के माध्यम से जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ एवं सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला का समय पर पंजीकरण कराया जाए तथा सुरक्षित प्रसव संस्थागत स्तर पर ही सुनिश्चित हो। उन्होंने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को पूर्ण लक्ष्य के साथ संचालित करने के निर्देश दिए ताकि कोई भी बच्चा एवं गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पर ओपीडी सेवाओं को बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि अधिक से अधिक मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सेवा भाव के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मरीजों के लिए सुलभ एवं किफायती बनाया जाए। उन्होंने आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम जैसी सरकारी योजनाओं को ईमानदारी से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

बैठक में परिवार नियोजन कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनजागरूकता बढ़ाने, सर्वे कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा लक्ष्य प्राप्ति हेतु प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए।

जूम बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाई. के. राय सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this story