Chandauli News: सरकारी हैंडपम्प से निकल रहा दूषित पानी, राहगीरों को हो रही परेशानी
चंदौली, बरहनी। भीषण गर्मी के बीच बरहनी विकास खंड क्षेत्र के बरहनी चौराहे के समीप स्थित सरकारी हैंडपम्प से दूषित पानी निकलने का मामला सामने आया है। स्वच्छ पेयजल के अभाव में राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से हैंडपम्प की जांच कराकर जल्द मरम्मत एवं सफाई कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बरहनी चौराहा क्षेत्र का प्रमुख मार्ग होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। गर्मी के मौसम में प्यास बुझाने के लिए लोग इस सरकारी हैंडपम्प का सहारा लेते हैं, लेकिन हैंडपम्प से गंदा पानी निकलने के कारण उन्हें निराश होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि दूषित पानी के सेवन से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस हैंडपम्प से गंदा पानी निकल रहा है, उसके समीप ही बरहनी विकास खंड कार्यालय संचालित होता है। इसके बावजूद समस्या लंबे समय से बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान एवं संबंधित अधिकारियों को इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

सोमवार दोपहर चौराहे पर पहुंचे मोहम्मदपुर निवासी आशीष कुमार ने बताया कि तेज धूप में सफर के दौरान प्यास लगने पर वह हैंडपम्प पर पानी पीने के लिए रुके, लेकिन उसमें से गंदा पानी निकलता देख उन्हें निराश लौटना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से हैंडपम्प की शीघ्र मरम्मत कराकर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
हैंडपम्प के पास स्थित लाडो पान भंडार के संचालक हरी वर्मा ने बताया कि उनकी दुकान पर सुबह और शाम लोगों की काफी भीड़ रहती है। हैंडपम्प से लगातार दूषित पानी निकलने के कारण उन्हें पीने के लिए दूसरे स्थान से पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि पूर्व में हैंडपम्प की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि हैंडपम्प की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत एवं सफाई का कार्य जल्द कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों और यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उनका कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान पेयजल संकट गंभीर रूप ले सकता है, इसलिए प्रशासन को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करनी चाहिए।
