×

Chandauli News: केसीसी बनवाने हेतु ब्लॉक में लगेगा कैंप, किसानों को जोड़ने के लिए 15 से 31 मई तक चलेगा महाअभियान

Chandauli News: केसीसी बनवाने हेतु ब्लॉक में लगेगा कैंप, किसानों को जोड़ने के लिए 15 से 31 मई तक चलेगा महाअभियान

चंदौली। जनपद के किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना से अधिकाधिक जोड़ने के उद्देश्य से जिले में 'केसीसी संतृप्तिकरण महा अभियान' चलाया जाएगा। यह अभियान 15 मई से 31 मई तक विकासखंड स्तर पर आयोजित होगा। यह जानकारी जिला अग्रणी प्रबंधक सुनील कुमार भगत ने दी है।

अभियान के दौरान विभिन्न बैंक शाखाएं किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा इससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी देंगी। साथ ही, पशुपालन एवं फसली ऋण खातों के नवीनीकरण पर भी विशेष जोर रहेगा।

इस अभियान के अंतर्गत किसानों को समय से फसली ऋण चुकाने पर मिलने वाले ब्याज अनुदान की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा, उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति भी जागरूक किया जाएगा, ताकि प्राकृतिक आपदाओं एवं फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को सुरक्षा मिल सके।

जिला अग्रणी प्रबंधक ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को इस महाअभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़कर लाभान्वित करना है।

Share this story