Chandauli News: चंदौली में बिरयानी दुकान पर दबंगई, दुकानदार और पिता से मारपीट
चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक बिरयानी दुकान पर दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, नगर स्थित बिरयानी दुकान संचालक रिजवान देर रात अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान कार से पहुंचे कुछ युवकों ने बिरयानी मांगी। दुकानदार द्वारा बिरयानी खत्म होने की बात कहने पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दबंग युवकों ने दुकानदार रिजवान और उनके पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान एक व्यक्ति का सिर फूट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। CCTV फुटेज अहम साक्ष्य के रूप में सामने आया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
