×

Chandauli News: मुसाखांड डैम में डूबे युवक का शव बरामद, परिवार में मचा कोहराम

Chandauli News: मुसाखांड डैम में डूबे युवक का शव बरामद, परिवार में मचा कोहराम

चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित मुसाखांड डैम में रविवार को पिकनिक मनाने गए 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की संयुक्त रेस्क्यू टीम ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सैयदराजा भतीजा रोड निवासी रंजीत कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने करीब आधा दर्जन दोस्तों के साथ मुसाखांड डैम घूमने और पिकनिक मनाने गया था। सभी साथी बांध के मुख्य फाटक के नीचे भोजन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान रंजीत डैम के निचले हिस्से की ओर चला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निचले हिस्से में पत्थरों पर पैर फिसलने से वह अचानक गहरे पानी में गिर गया और देखते ही देखते डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल सर्च अभियान शुरू कराया गया। देर शाम तक चले रेस्क्यू अभियान के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।

सोमवार को दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय गोताखोरों ने दोपहर करीब 12 बजे युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share this story