Chandauli News: चंदौली रोड निर्माण में लगी डंफर ने महिला को कुचला, बाजार में मची अफरा-तफरी
चन्दौली। जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र स्थित अलीनगर तिराहे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान रवि कुमारी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई के साथ बाजार से घरेलू सामान खरीदकर वापस लौट रही थी।
इसी दौरान रोड निर्माण कार्य में लगी एक डंफर अचानक अनियंत्रित हो गई और महिला उसके पिछले चक्के की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना बीच बाजार में होने के कारण कुछ ही देर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों में घटना को लेकर आक्रोश भी देखने को मिला। सूचना मिलते ही सकलडीहा कोतवाली पुलिस तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद डंफर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है तथा मामले की जांच की जा रही है।
