चंदौली: मिड डे मील में मिले कीड़े, बच्चों को परोसा गया दूषित भोजन, स्कूल में मचा हड़कंप!
चंदौली। जिले के मुगलसराय स्थित पूर्वी बाजार कंपोजिट विद्यालय में मिड डे मील की गुणवत्ता को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। विद्यालय में बच्चों को परोसे जा रहे मिड डे मील में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया।
घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल भोजन वितरण रोक दिया।

जानकारी के अनुसार, दोपहर के भोजन के दौरान बच्चों को दिए जा रहे खाने में कीड़े दिखाई दिए। तब तक कुछ बच्चे भोजन कर चुके थे। इसके बाद विद्यालय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शेष बच्चों को भोजन परोसना बंद करा दिया।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में मिड डे मील की आपूर्ति एक एनजीओ के माध्यम से की जाती है।
स्कूल प्रशासन का दावा है कि इस वर्ष यह तीसरी बार है, जब मिड डे मील की गुणवत्ता को लेकर ऐसी गंभीर शिकायत सामने आई है।

प्रधानाचार्य ने घटना की सूचना तत्काल संबंधित उच्च अधिकारियों को देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मिड डे मील की गुणवत्ता की नियमित निगरानी की आवश्यकता भी जताई गई है।
घटना के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
