×

चंदौली में सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, वर्षों से जलभराव की समस्या पर फूटा गुस्सा

चंदौली में सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, वर्षों से जलभराव की समस्या पर फूटा गुस्सा

चंदौली। सकलडीहा विकासखंड के खोर गांव में वर्षों से सड़क पर जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों का सब्र आखिरकार टूट गया। सोमवार को ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए जलमग्न सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही गांव की मुख्य सड़क तालाब का रूप ले लेती है। इससे पैदल चलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों, किसानों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। उनका कहना था कि यदि सड़क खेत जैसी बन गई है, तो उस पर खेती ही की जाएगी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और जलनिकासी का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन में राजू सिंह, रामखेलावन राय, शिवकुमार राम, भारत, बैजनाथ राय, संतोष राय, रामनाथ राय, शिवपूजन राय, मदन राय, राघव प्रजापति, हीरालाल प्रजापति, पंकज प्रजापति, शिव बच्चन राय, शिव भजन, विश्वनाथ राय, संजीवनी राय, गुप्ता राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share this story