×

चंदौली में सिंचाई संकट गहराया! टेल तक पानी न पहुंचने से किसान परेशान, डीएम से लगाई गुहार

चंदौली में चंद्रप्रभा डिवीजन की नहरों के टेल तक पानी नहीं पहुंचने से किसान परेशान हैं। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन ने जिलाधिकारी से सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और धान की फसल बचाने की मांग की है।
भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, चंद्रप्रभा डिवीजन की नहरों में पानी पहुंचाने और सिंचाई व्यवस्था सुधारने की मांग

चंदौली। चंदौली जिले में सिंचाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन (अराजनीतिक) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दीनानाथ श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चंद्रप्रभा डिवीजन की नहरों और माइनरों में टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की है।

उनका कहना है कि समय पर सिंचाई न मिलने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

दीनानाथ श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि किसानों द्वारा लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद सिंचाई विभाग के अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इसका परिणाम यह है कि कई माइनरों और रजवाहों के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा, जिससे खेत सूखने लगे हैं और खेती संकट में है।

इन क्षेत्रों में सबसे अधिक परेशानी

ज्ञापन में धनापुर रजवाहा, गंगापुर, बरहनी और आसपास की माइनरों का विशेष उल्लेख किया गया है। किसान नेताओं का कहना है कि इन क्षेत्रों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे धान की रोपाई का कार्य बाधित हो रहा है।

इसके अलावा कंजेहरा माइनर पर स्थापित लगभग 40 हॉर्स पावर की मोटर और 25 एचपी ट्रांसफार्मर को सुचारु रूप से संचालित कराने की भी मांग की गई है, ताकि सिंचाई व्यवस्था सामान्य हो सके।

यह भी पढ़ें -  चंदौली में विंध्य एक्सप्रेसवे का विरोध तेज, किसानों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, बड़े आंदोलन की चेतावनी

किसानों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर टेल तक पानी पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

किसान नेताओं का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धान की फसल को भारी नुकसान हो सकता है और किसानों की आर्थिक स्थिति और कमजोर हो जाएगी।

Share this story