×

लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में चल रहा था पटाखों का अवैध गोदाम, पुलिस ने 525 किलो विस्फोटक सामग्री पकड़ी

लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में चल रहा था पटाखों का अवैध गोदाम, पुलिस ने 525 किलो विस्फोटक सामग्री पकड़ी

चंदौली। दीपावली के आसपास पटाखों की मांग बढ़ने के बीच चंदौली के सैयदराजा कस्बे में पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण का खुलासा किया है। रामजानकी मंदिर के सामने स्थित लाई-चूड़ा की दुकान और उससे जुड़े मकान में छापेमारी कर पुलिस ने 525 किलोग्राम पटाखे बरामद किए।

इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पटाखे बिना वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों का पालन किए रिहायशी इलाके में रखे गए थे।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 2 नवंबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह कार्रवाई 1 नवंबर की रात करीब नौ बजे वार्ड नंबर-1, अंबेडकरनगर कस्बा सैयदराजा में की गई। पुलिस को थाने में तैनात आरक्षी राजू सिंह की ओर से यक्ष ऐप पर दर्ज कराई गई बीट सूचना के जरिए दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे होने की जानकारी मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सदर को अवगत कराया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने दुकान और उससे जुड़े मकान की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी भी कराई गई। तलाशी में मकान की तीसरी मंजिल पर बोरियों और गत्तों में भरकर रखे गए पटाखे मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर 39 बोरियों में कुल 525 किलोग्राम पटाखे पाए गए।

बरामद पटाखों में चटाई बम, हवाई बम, माचिस बम, चकरी, फुलझड़ी, रॉकेट, चुटपुटिया और अन्य कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, घनी आबादी के बीच इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया गया था। यदि किसी कारणवश आग लगती या विस्फोट होता तो आसपास के मकानों और लोगों की जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता था।

मौके से पुलिस ने मनोज कुमार पुत्र मोहन साव निवासी वार्ड नंबर-1, कस्बा व थाना सैयदराजा को गिरफ्तार किया। इस संबंध में थाना सैयदराजा में मुकदमा अपराध संख्या 322/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9बी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के साथ उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, गोपाल जी तिवारी, गंगाधर मौर्य, लालधर यादव और रावेन्द्र सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

घनी आबादी में पटाखों का इतना बड़ा भंडारण मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से त्योहार के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर निगरानी की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

Share this story