×

चंदौली के सरकारी स्कूलों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, शिक्षकों की मनमानी पर सीडीओ सख्त

chandauli-government-schools-education-review-cdo-action

चंदौली। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विभागीय योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई की अध्यक्षता में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक स्थिति, बच्चों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, ऑपरेशन कायाकल्प और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि शिक्षण कार्य में लापरवाही और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

chandauli-government-schools-education-review-cdo-action

बैठक में सीडीओ ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाई का स्तर बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में अभी तक अधूरे पड़े मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा गया।

निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी निर्माण कार्य तय मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप कराए जाएं। कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। सीडीओ ने छात्रावासों में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने, निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाने और जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

छात्रवृत्ति और ड्रेस की धनराशि के हस्तांतरण को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सीडीओ ने डीबीटी के माध्यम से लाभार्थी विद्यार्थियों के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और समय-समय पर औचक जांच करने के निर्देश दिए।

विद्यालयों की निगरानी की जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपते हुए सीडीओ ने कहा कि स्कूलों का नियमित निरीक्षण किया जाए। जहां शिक्षण कार्य में लापरवाही या शिक्षकों की अनधिकृत अनुपस्थिति सामने आए, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी।

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जिले में संचालित शिक्षा संबंधी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने सीडीओ की ओर से दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी, अपर पंचायत राज अधिकारी और जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य मौजूद रहे।

Share this story