×

चंदौली में गोवंश तस्करों ने पुलिस पर की फायरिंग, एक गिरफ्तार, चार आरोपी फरार

 पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में तस्करी में शामिल हुआ था गिरफ्तार आरोपी, क्रूजर वाहन से एक गाय और एक सांड बरामद

चंदौली। कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग पर गोवंश तस्करी कर रहे लोगों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके चार साथी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से पुलिस ने एक क्रूजर वाहन में लदे एक गाय और एक सांड को बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में इस धंधे से जुड़ा था।

जानकारी के अनुसार, चंदौली कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग पर एक क्रूजर वाहन आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने वाहन को रोकने का संकेत दिया तो उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद कुछ आरोपी चलती गाड़ी से उतरकर खेतों की तरफ भागने लगे।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में दो राउंड हवाई फायरिंग करते हुए घेराबंदी की और सूरज उर्फ गोलू पटेल (26) निवासी लमही, थाना पहड़िया, वाराणसी को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें एक गाय और एक सांड लदे मिले। पुलिस ने क्रूजर वाहन और दोनों गोवंश को कब्जे में ले लिया।

पांच हजार रुपये और गांजे के लालच में तस्करी

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार सूरज ने बताया कि वह पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में गोवंश तस्करी में शामिल हुआ था। उसके मुताबिक, वाराणसी से छुट्टा गोवंश को क्रूजर वाहन में लादकर बिहार ले जाया जा रहा था, जहां उनका वध किया जाना था।

पुलिस के अनुसार, वाहन में सूरज के अलावा विकास चौहान, बाबू यादव, संतु यादव और शिवकुमार सोनकर भी सवार थे। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि विकास चौहान के कहने पर शिवकुमार सोनकर ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। घटना के बाद चारों आरोपी मौके से भाग निकले।

फरार आरोपियों की तलाश में दबिश

चंदौली कोतवाली प्रभारी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि गोवंश तस्करी कर ले जा रहे आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Share this story