×

चंदौली में करंट लगने से किसान की मौत, पीड़ित परिवार से मिले लोक जन सोशलिस्ट पार्टी के जिलाध्यक्ष

चंदौली के धानापुर क्षेत्र के हेतमपुर गांव में करंट लगने से 38 वर्षीय किसान संदीप विश्वकर्मा की मौत हो गई। लोक जन सोशलिस्ट पार्टी के जिलाध्यक्ष भोलानाथ विश्वकर्मा ने परिवार से मिलकर आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया।

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के हेतमपुर गांव में करंट लगने से किसान की मौत के बाद शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर लोक जन सोशलिस्ट पार्टी के जिलाध्यक्ष भोलानाथ विश्वकर्मा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।

रविवार देर रात हुई इस दर्दनाक घटना में 38 वर्षीय किसान संदीप विश्वकर्मा की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि संदीप खेत में धान की रोपाई की तैयारी कर रहे थे।

भीषण गर्मी के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे खेत में गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें घर पहुंचाया। कुछ देर बाद जब उनकी हालत में सुधार हुआ तो उन्होंने घर में पंखा चालू करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद लोक जन सोशलिस्ट पार्टी के जिलाध्यक्ष भोलानाथ विश्वकर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मृतक के घर पहुंचा। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए क्षेत्रीय लेखपाल से फोन पर वार्ता की और सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव मदद के लिए प्रयास करेगा।

भोलानाथ विश्वकर्मा ने कहा कि संदीप विश्वकर्मा परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। वह लघु एवं सीमांत किसान होने के साथ-साथ निजी नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।

परिजनों ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। अब परिवार के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को राहत पैकेज और सरकारी सहायता देने की मांग की है।

Share this story