चंदौली में 35 फीट गहरे कुएं में गिरा इंजीनियर, स्थानीय युवक की बहादुरी से बची जान
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के जसूरी गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माणाधीन न्यायालय में कार्यरत करीब 40 वर्षीय एक इंजीनियर 35 फीट गहरे सूखे कुएं में गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल इंजीनियर का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घायल इंजीनियर की पहचान मुरलीधर, निवासी इरोड (तमिलनाडु) के रूप में हुई है। वह चंदौली में निर्माणाधीन न्यायालय परियोजना में कार्यरत है।
शराब पीने के दौरान बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इंजीनियर कुएं की पटिया पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 35 फीट गहरे सूखे कुएं में जा गिरा। कुएं में पानी नहीं होने के कारण उसकी जान बच गई, हालांकि गिरने से वह बेहोश हो गया।
स्थानीय युवक ने दिखाई मिसाल
रेस्क्यू के दौरान चंदौली निवासी संजय ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बिना देर किए सीढ़ी के सहारे कुएं में उतरने का फैसला किया। नीचे पहुंचकर उसने बेहोश पड़े इंजीनियर के चेहरे पर पानी के छींटे मारे, जिससे उसे होश आया। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम के सहयोग से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस और लोगों ने की सराहना
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, सदर कोतवाली पुलिस, कस्बा चौकी प्रभारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू अभियान के बाद घायल को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
कोतवाली प्रभारी विनदेश्वरी पांडेय ने स्थानीय युवक संजय की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में दिखाई गई उसकी हिम्मत और मानवता दूसरों के लिए प्रेरणादायक है। स्थानीय लोगों ने भी कहा कि यदि समय रहते संजय कुएं में नहीं उतरता तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
